आदि उत्सव में शामिल हुए केन्द्रीय मंत्री ओरांव, बोले- जनजातीय समुदाय का यह कार्यक्रम लोगों के लिए है उत्सव
भोपाल, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले की ऐतिहासिक नगरी रामनगर में शुक्रवार को दो दिवसीय आदि उत्सव- का भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय का यह कार्यक्रम लोगों के लिये उत्सव है।
केन्द्रीय मंत्री ओरांव ने कहा कि इस उत्सव में परंपरागत नृत्य-गायन जैसे हमारी संस्कृति की पहचान को बढ़ावा मिलता है। हमारी युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को जानने और समझने का यह एक अच्छा अवसर होता है। उन्होंने कहा कि हमारी हार्दिक इच्छा है कि आगे भी आदि उत्सव का इसी तरह आयोजित होता रहे।
उन्होंने कहा कि गोंडवाना राजवंश के इस ऐतिहासिक महल का जीर्णोद्धार कराने के बाद वर्ष 2016 से लगातार यह आदि उत्सव आयोजित किया जा रहा है। जनजातीय गौरव को सम्मान देने की पहल सबसे पहले पूर्व प्रधानमन्त्री श्रद्धेय स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी, जब 1999 में उन्होंने पहली बार जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया। मुझे इस मंत्रालय के कामकाज का जिम्मा सौंपा। मंडला के इस महल के जीर्णोद्धार के लिए मंत्रालय ने 1.97 करोड़ रुपये स्वीकृत किये। आज प्रधानमन्त्री मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री जनमन, आहार अनुदान, विभिन्न छात्रवृतियाँ, जनजातीय बच्चों की उच्च शिक्षा जैसे अनेक काम जनजातीय समाज के कल्याण के लिए किये जा रहे हैं।
आदि उत्सव में मेगा हेल्थ कैंप का केंद्रीय मंत्री ने किया उद्घाटन
रामनगर में आयोजित ‘आदि उत्सव’ के अंतर्गत लगाए गए मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही। स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों का परीक्षण किया गया। उनके द्वारा यहां स्थित मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना भी की गई।
कार्यक्रम के दौरान सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी मेगा हेल्थ कैंप में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आदि उत्सव में पहुंचे लोग अपना स्वास्थ्य चेकअप जरूर कराएं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव एवं सांसद कुलस्ते ने यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में जनजातीय संस्कृति, शासकीय योजनाओं, हस्तशिल्प, लोक कला, कृषि, स्वास्थ्य एवं आजीविका से जुड़े विविध स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी में विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यहां एनआरएलएम विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं कोदो-कुटकी से बने व्यंजन भी चखे और इसकी सराहना की। यहां से मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचने के दौरान जनजातीय नृतक दल द्वारा पारंपरिक वेशभूषा धारण कर ढोल-नगाड़े बजाकर पहुंचाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर