अनूपपुर: विद्युत लाइन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलसा

 


अनूपपुर, 29 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित मवेशी बाजार के पास बुधवार की शाम निर्माण कार्य के दौरान 11 केवी उच्चदाब विद्युत लाइन की चपेट में आने से 18 वर्षीय मोनू यादव गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भिलाई रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि युवक करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार की शाम करीब 5 बजे मोनू यादव एक मकान में निर्माण कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल उसे कोतमा शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे भिलाई रेफर कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने विद्युत लाइन के समीप कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला