अनूपपुर: कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
अनूपपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के लखौरा गांव के पास गुरुवार को कार की टक्कर से दो पहिया वाहन सवार 28 वर्षीय मिथिलेश वनवासी की मौत हो गई। वहीं दोस्त 25 वर्षीय नरेंद्र सिंह परस्ते गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राजेंद्रग्राम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार बरकडे ने बताया कि मिथिलेश, सिंगोली, जिला डिंडोरी के रहने वाले थे। वे अपने दोस्त नरेंद्र के साथ रिश्तेदारी में शिवरी चंदास गांव आए थे। दोनों वहां से परसेलकलां में एक अन्य रिश्तेदार के घर जा रहे थे। दोनों राजेंद्रग्राम के रास्ते जा रहे थे, तभी लखौरा के पास बेनीबारी की ओर से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। जीप क्रमांक एमपी 18 टी 3357 है। वह धीरूटोला से राजेंद्रग्राम जा रही थी। हादसे के बाद जीप चालक मौके से भाग गया। बाइक चला रहे मिथिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मिथिलेश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जीप जब्त कर मर्ग दर्ज किया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों के आने के बाद पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कर परिजनों को शव सौंपा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला