यूपीएससी अभ्यर्थी ने फांसी लगाकर दी जान, 6 पन्नों के सुसाइड नोट में पत्नी और सास पर लगाए गंभीर आरोप

 


उज्जैन , 16 जून (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रहे नलखेड़ा निवासी एक युवक ने उज्जैन में किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के कमरे से छह से अधिक पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी पत्नी और सास पर मानसिक प्रताड़ना तथा पांच लाख रुपये की मांग को लेकर दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक का विवाह इसी वर्ष फरवरी में हुआ था।

नागझिरी थाना पुलिस के अनुसार राहुल सूर्यवंशी (27) पिता रामकरण सूर्यवंशी निवासी नलखेड़ा, उज्जैन के देवास रोड स्थित न्यू इंदिरा नगर में किराए के मकान में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। राहुल का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी बनना था और वह लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा हुआ था।

पुलिस के मुताबिक सोमवार रात राहुल का मित्र सुभाष परीक्षा देकर उससे मिलने उसके कमरे पर पहुंचा था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका होने पर उसने खिड़की से झांककर देखा तो राहुल कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नागझिरी थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को नीचे उतारा। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक के परिजनों ने भी राहुल की पत्नी और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विवाह के बाद से ही राहुल पर लगातार पांच लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों के अनुसार रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को झूठे दहेज प्रताड़ना प्रकरण में फंसाने की धमकियां दी जाती थीं, जिससे राहुल मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगा था।

घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को छह से अधिक पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है। नोट में राहुल ने अपनी चार माह की वैवाहिक जिंदगी का विस्तार से उल्लेख किया है। उसने लिखा है कि उसका विवाह 10 फरवरी 2025 को आगर निवासी मन्नत उर्फ कविता कामरिया से हुआ था। राहुल ने नोट में दावा किया है कि उसने बिना किसी दहेज के शादी की थी, लेकिन विवाह के कुछ समय बाद ही उसकी पत्नी मायके चली गई और फिर वापस नहीं लौटी।

सुसाइड नोट के अनुसार राहुल की सास सिद्धिका कामरिया लगातार फोन कर उस पर पांच लाख रुपये देने और तलाक लेने का दबाव बना रही थीं। राहुल ने आरोप लगाया है कि रकम नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को झूठे दहेज प्रताड़ना मामले में फंसाने की धमकियां दी जाती थीं। नोट में उसने पत्नी और सास के पते तथा मोबाइल नंबर भी दर्ज किए हैं।

राहुल ने अपने अंतिम पत्र में लिखा है कि उसका लक्ष्य वर्ष 2027 तक आईएएस अधिकारी बनना था, लेकिन पारिवारिक विवाद, तनाव और लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह मानसिक रूप से टूटता चला गया। उसने उल्लेख किया कि इन परिस्थितियों का असर उसकी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर भी पड़ा तथा वह हाल की परीक्षा अपेक्षित तरीके से नहीं दे सका। नोट में राहुल ने अपने माता-पिता से क्षमा मांगते हुए लिखा है कि उसे न्याय मिलने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही थी।

मामले को लेकर नागझिरी थाना प्रभारी कमल निगवाल ने बताया कि युवक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए उज्जैन में रह रहा था। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल