अनूपपुर: महिला समिति की अगुवाई में तीन दिवसीय नाट्य समारोह का आयोजन 3 अप्रैल से
अनूपपुर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय जन नाट्य संघ इकाई अनूपपुर द्वारा तीन दिवसीय नाट्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
समारोह 3, 4 और 5 अप्रैल को अमरकंटक रोड स्थित बेथेल मिशन हायर सेकेंड्री स्कूल में संपन्न होगा। जिसमे भारतीय रंगमंच, टेलीविजन और सिनेमा के एक वरिष्ठ एवं बहुमुखी अभिनेता राजेंद्र गुप्ता अपने अभिनय का प्रर्दशन करेंगे। समारोह की सबसे खास बात यह है कि इस बार आयोजन समिति में पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली है, जो न केवल अनूपपुर बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।
समिति की अध्यक्ष पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पल्लविका पटेल ने रविवार को बताया कि समारोह के पहले दिन 3 अप्रैल को अशोकनगर की जनसंगीत की प्रस्तुति के साथ प्रयागराज (इलाहाबाद) से आए कलाकारों द्वारा ‘असमंजस बाबू’ नाटक का मंचन किया जाएगा। 4 अप्रैल को प्रसिद्ध फिल्म एवं रंगमंच अभिनेता राजेंद्र गुप्ता की विशेष प्रस्तुति होगी, जो चर्चित कवि धूमिल की कविता-पटकथा पर आधारित नाटक प्रस्तुत करेंगे। 5 अप्रैल को जबलपुर से आए ‘विवेचना’ समूह द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित नाटक ‘बहत्तर मील’ का मंचन किया जाएगा।
समिति की अध्यक्ष ने बताया कि इसमें मुख्य आकर्षण के रूप में राजेंद्र गुप्ता की प्रस्तुति विशेष महत्व रखती है। वह भारतीय रंगमंच, टेलीविजन और सिनेमा के एक वरिष्ठ एवं बहुमुखी अभिनेता हैं, जिन्होंने अपने सशक्त अभिनय से दशकों तक दर्शकों के बीच गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की और बाद में टीवी तथा फिल्मों में भी उल्लेखनीय पहचान बनाई। टेलीविजन की दुनिया में राजेंद्र गुप्ता ने कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया है, जिनमें चंद्रकांता, यह उन दिनों की बात है और बालिका वधू जैसे चर्चित शो शामिल हैं, जहाँ उन्होंने अपनी प्रभावशाली संवाद अदायगी और सहज अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। फिल्मों में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं, जिनमें उनके किरदार हमेशा यथार्थ के करीब और यादगार रहे।
रंगमंच के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी उतनी ही मजबूत है, और वह लगातार नाटकों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को मंच पर जीवंत करते रहे हैं। इस समारोह में वे चर्चित कवि धूमिल की कविता-पटकथा पर आधारित नाटक प्रस्तुत करेंगे, जो अपने तीखे सामाजिक व्यंग्य और यथार्थवादी दृष्टिकोण के लिए जाना जाता है। उनकी प्रस्तुति निश्चित रूप से दर्शकों के लिए एक विचारोत्तेजक और यादगार अनुभव साबित होगी।
महिला नेतृत्व में आयोजन, एक महत्वपूर्ण कदम
आयोजन समिति की अध्यक्ष पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पल्लविका पटेल हैं, महासचिव के रूप में लक्ष्मी खेडिया जिम्मेदारी निभा रही हैं। कोषाध्यक्ष के रूप में डॉ. श्रद्धा सोनी अपनी भूमिका अदा कर रही हैं। इसके अलावा महिला समिति में अनु शर्मा, बिंदू सिंह, तृप्ति ठाकुर, पूनम रात्रे, डॉक्टर करुणा सोनी, निरुपमा पटेल सहित शहर की अनेक महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई है। सभी महिलाएं मिलकर इस आयोजन को सफल और प्रभावी बनाने में जुटी हुई हैं।
अध्यक्ष पल्लविका पटेल ने बताया कि नाट्य समारोह का मुख्य उद्देश्य कला और संस्कृति को संरक्षित करना तथा समाज को रंगमंच से जोड़ना है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिलती है। यह आयोजन न केवल अनूपपुर के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए सांस्कृतिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला