आगरमालवाः मिट्टी और गोबर से बनी गणेश प्रतिमाओं का स्टाल लगा

 


आगरमालवा, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा में गणेश चतुर्थी के पर्व को ध्याने में रखते हुए जिले के ग्राम आवर तथा ग्राम लाड़वन की समूह महिलाओं द्वारा गणेश उत्सव हेतु गोबर एवं मिट्टी से तैयार की गई गणेश प्रतिमाओं को विक्रय करने के लिए मुख्य बाजार, पुरानी नगर पालिका के सामने एक स्टाल लगाया गया है।

आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना ने गुरुवार को बताया कि गत वर्ष भी गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। इससे उत्साहित महिलाएं इस वर्ष भी नए उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने उत्पाद लेकर बाजार में पहुंची हैं। स्टॉल पर गणेश प्रतिमाओं के विक्रय का कार्य भग्गूबाई, राधाबाई एवं रंभाबाई द्वारा किया जा रहा है। इन महिलाओं को आरसेटी एवं माटी कला बोर्ड के माध्यम से मूर्ति निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं ने अपने हुनर को केवल कला तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे आजीविका और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा