मुरैना: तेज रफ्तार लग्जरी वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, जैन मंदिर के पुजारी समेत दो की मौत
मुरैना, 16 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा में बुधवार सुबह तेज रफ्तार लग्जरी वाहन इको ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जैन मंदिर के पुजारी सहित दो लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में भिण्ड जिले के गोरमी स्थित जैन मंदिर में पूजा-पाठ का कार्य करने वाले 45 वर्षीय आनंद कुमार जैन और पोरसा निवासी मनीष जैन शामिल हैं। दुर्घटना के बाद जैन समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह आनंद कुमार जैन गोरमी स्थित जैन मंदिर से पूजा-पाठ का कार्य पूरा करने के बाद पोरसा निवासी मनीष जैन के साथ मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। दोनों पोरसा के ओम पैलेस के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार लग्जरी वाहन इको ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के दौरान दोनों के भाई भी पीछे एक अन्य मोटरसाइकिल से आ रहे थे। उन्होंने दुर्घटना होते देख तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और उन्हें उपचार के लिए पोरसा चिकित्सालय लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जैन मंदिर के पुजारी आनंद कुमार जैन और मनीष जैन की मौत की सूचना मिलते ही जैन समाज के लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। देखते ही देखते सैकड़ों लोग घटनास्थल और अस्पताल में एकत्रित हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर अत्यधिक बल तैनात किया।
मृतकों के परिजनों और समाज के लोगों में दुर्घटना को लेकर नाराजगी थी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक समझाइश का दौर चलता रहा। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पोरसा थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लग्जरी वाहन इको को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद जैन समाज के लोगों में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा