अनूपपुर: प्रयागराज-विशाखापटनम-प्रयागराज के मध्य 16 -16 फेरों के लिए अनूपपुर होकर चलेगी स्पेशल ट्रेन
अनूपपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से होकर स्पेशल ट्रेन प्रयागराज-विशाखापटनम-प्रयागराज के मध्य 16 -16 फेरों के लिए 14 अगस्त से 27 नवम्बर तक परिचालन किया जा रहा है।
बिलासपुर रेल मंडल के जनसर्म्पक अधिकारी अम्बिकेश साहू ने बुधवार काे बताया कि ट्रेनों में यात्रियों की होने वाली अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुये उन्हें कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु प्रयागराज-विशाखापटनम-प्रयागराज के मध्य 16 -16 फेरों के लिए स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। जो प्रत्येक शुक्रवार को गाड़ी संख्या 04159 प्रयागराज-विशाखापटनम साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन प्रयागराज से 14 अगस्त से प्रारंभ होकर 27 नवम्बर 2026 तक (16 फेरे) चलेगी। इसी प्रकार से प्रत्येक शनिवार को गाड़ी संख्या 04160 विशाखापटनम-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन विशाखापटनम से 15 अगस्त से 28 नवम्बर 2026 तक (16 फेरे) को संचालित होगी।
स्पेशल ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अनूपपुर, शहडोल, पेंड्रारोड, बिलासपुर एवं रायगढ़ स्टेशनों में दिया गया है, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को प्रयागराज एवं विशाखापटनम के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा तथा धार्मिक, शैक्षणिक, पर्यटन, चिकित्सा एवं व्यावसायिक उद्देश्यों से यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ प्राप्त होगा।
गाडी की समय सारिणी
गाड़ी संख्या 04159 प्रयागराज-विशाखापटनम साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 14 अगस्त से 27 नवम्बर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को प्रयागराज से 10.15 बजे रवाना होगी तथा मार्ग के मध्यवर्ती स्टेशनों से होते हुये शहडोल आगमन 18.15 बजे, प्रस्थान 18.20 बजे, अनूपपुर आगमन 18.55 बजे, प्रस्थान 19.00 बजे, पेंड्रारोड आगमन 19.38 बजे, प्रस्थान 19.40 बजे, बिलासपुर आगमन 22.15 बजे, प्रस्थान 22.25 बजे, दूसरे दिन शनिवार को रायगढ़ आगमन 00.25 बजे, प्रस्थान 00.30 बजे होते हुये 13.30 बजे विशाखापटनम स्टेशन पहुंचेगी। इसके साथ ही गाड़ी दोनों दिशाओं में मानिकपुर, सतना, कटनी, सम्बलपुर, बरगढ़ रोड, बलांगीर, टिटिलागढ़, केसिंगा, मुनिगुड़ा, रायगढ़ा, कूनेरु, पार्वतीपुरम, बोब्बिली एवं विजयनगरम स्टेशनों पर रुकेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 04160 विशाखापटनम-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 15 अगस्त से 28 नवम्बर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को विशाखापटनम से 15.40 बजे रवाना होगी तथा मार्ग के मध्यवर्ती स्टेशनों से होते हुये दूसरे दिन रविवार को रायगढ़ आगमन 03.55 बजे, प्रस्थान 04.00 बजे, बिलासपुर आगमन 06.00 बजे, प्रस्थान 06.10 बजे, पेंड्रारोड आगमन 08.33 बजे, प्रस्थान 08.35 बजे, अनूपपुर आगमन 09.20 बजे, प्रस्थान 09.25 बजे, शहडोल आगमन 10.00 बजे, प्रस्थान 10.05 बजे होते हुये 17.30 बजे प्रयागराज स्टेशन पहुंचेगी। इसमे 01 पावरकार, 01 एसएलआरडी, 05 जनरल, 07 स्लीपर, 01 एसी-II, 04 एसी-III, 03 एसी-III इकॉनोमी सहित कुल 22 कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी ।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला