मंदसौरः महाराणा प्रताप जयंती पर चल समारोह एवं सभा सम्पन्न
मन्दसौर, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में जिला राजपूत समाज संगठन के तत्वावधान में गुरुवार को चल समारोह और सामाजिक सभा का आयोजन किया गया।
सभा को सम्बोधित करते हुए राज्य सभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव महाराणा प्रताप में कूट-कूट कर भरा हुआ था। घास की रोटी खाकर भी राष्ट्र को बचाने के लिए उन्होंने कभी समझौता नहीं किया, राष्ट्र भक्ति ही उनके लिए सर्वोपरि थी। महाराणा प्रताप के इस व्यक्तित्व को आने वाली पीढ़ी और समाज को अनुसरण करना चाहिए। वे सभी जाति धर्म को जोड़कर चलने का कार्य करते थे। हमारे देश की संस्कृति भी सबको जोड़ने की है। श्री गुर्जर ने परिवार के विघटनों को लेकर कहा कि आज हमारे समाज में परिवार छोटे-छोटे हो गए है उनका विघटन होता जा रहा है आने वाली पीढ़ी एकांकी हो गई हैं। इससे राष्ट्र और समाज में कई प्रकार की समस्याएं सामने आ रही है।
इस अवसर पर समाज के संरक्षक पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि महाराणा प्रताप को किसी एक जाति या समाज में नहीं बांधा जा सकता है। उनका पूरा जीवन सभी जातियों को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेन्द्रसिंह गुर्जर ने कहा कि महाराणा प्रताप के महान व्यक्ति का स्मरण करना हम सभी के लिए गर्व की बात है। नगर पालिका अध्यक्ष रमा देवी गुर्जर ने आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि महाराणा प्रताप के व्यक्तित्व को ज्यादा से ज्यादा युवाओं को सीखने की आवश्यकता है ताकि त्याग और स्वाभिमान उनमें उत्पन्न हो सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाज के जिलाध्यक्ष ठा. रूघनाथसिंह काचरिया ने अतिथियों का स्वागत उदबोधन देते हुए समाज के कार्यो का वर्णन करते हुए सभी साथियों के परिश्रम व सहयोग का उल्लेख करते हुए महाराणा प्रताप जयंती को आने वाले समय में और भी भव्य बनाने का संकल्प लेकर उन्हें धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर सभा को तेजपालसिंह धाकड़ी, अजय सिंह चौहान,शिवराजसिंह घटावदा, अशोकसिंह जादौन सिंह सामाजिक संगठन ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन मंत्री डॉ. प्रीतिपालसिंह राणा ने किया एवं आभार जिला सचिव भूपेन्द्रसिंह राठौर ने माना।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया