मंदसौर : बाइक के सामने अचानक आई नीलगाय, सड़क पर घिसटने से युवक घायल, चेहरे पर पांच टांके
मंदसौर, 22 सितंबर (हि.स.)। मंदसौर-सीतामऊ मार्ग पर सोमवार रात अचानक बाइक के सामने नीलगाय आ जाने से 20 वर्षीय युवक हादसे का शिकार हो गया। चिरमोलिया गांव के पास हुए हादसे में बाइक सवार कृष्णपाल सिंह (20) पिता राजपाल सिंह सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसट गए। दुर्घटना में उनके चेहरे, हाथ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब नौ बजे चिरमोलिया गांव के पास हुआ। कृष्णपाल सिंह बाइक से गांव की ओर से बिलांत्री लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक नीलगाय सामने आ गई। अचानक सामने आए पशु से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और कृष्णपाल सड़क पर गिर गए। गिरने के बाद वह सड़क पर घिसटते चले गए, जिससे उन्हें कई जगह गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल कृष्णपाल को उपचार के लिए सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब 11 बजे परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
चेहरे पर सबसे ज्यादा चोट
परिजनों के मुताबिक हादसे में कृष्णपाल के चेहरे पर सबसे ज्यादा चोट आई है। चेहरे पर करीब पांच टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दोनों पैरों में भी चोटें आई हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कृष्णपाल के बड़े भाई प्रवीण सिंह ने बताया कि कृष्णपाल चिरमोलिया गांव में शेविंग कराने के लिए आए थे। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से बिलांत्री लौट रहे थे। गांव से निकलते ही अचानक बाइक के सामने नीलगाय आ गई और उसे बचाने के प्रयास में हादसा हो गया। हादसे के बाद परिजन उन्हें पहले सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे और बाद में चिकित्सकों की सलाह पर मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया