जबलपुर : कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग, आग बुझाने में लगी 12 से ज्यादा दमकल वाहन
जबलपुर, 2 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित लार्डगंज थाना अंतर्तगत सतना बिल्डिंग में कपड़े के गोदाम में मंगलवार को अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते दो मंजिला पूरी इमारत को घेर लिया, जिससे आसपास के रहवासी इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। इमारत के भीतर कपड़ों का भारी स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैलती जा रही थी वही सूचना पर पहुची दमकल की गाड़ियों ने भारी मसक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है की कपड़ा व्यवसाय के क्लासिक शर्ट के गोदाम में आग लगी थी यह गोदाम सतना बिल्डिंग के अंदर ही था।
सतना बिल्डिंग में रहवासी क्षेत्र है यहां अनेक लोग निवास करते हैं। आग लगने से रहवासियों में दहशत फैल गई थी। आग की भयावहता को देखते हुए नगर निगम के आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार घटनास्थल पर खुद पहुंच गए। निगमायुक्त ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के लिए तत्कालीन दिशा-निर्देश दिए। फायर ब्रिगेड की कुल 12 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं। राहत की बात यह रही कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र को देखते हुए आम नागरिकों को तुरंत दूर किया गया,जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है,लेकिन प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी होगी। मौके पर दमकल प्रमुख कुशाग्र ठाकुर सहित अमला मौजूद रहा। कुछ ही देर के प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया था। दमकल कर्मियों के मुताबिक सतना बिल्डिंग परिसर में तीन मंजिला भवन में अचानक आग लग गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक