विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर सामूहिक जाप, आध्यात्मिक ऊर्जा से गूंजा योग भवन

 




मंदसौर, 09 अप्रैल (हि.स.)। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर दशपुर योग शिक्षा संस्थान द्वारा स्थानीय स्टेडियम परिसर स्थित योग भवन में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरुवार को आयोजित इस समागम में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर सामूहिक रूप से नवकार मंत्र का जाप किया और सकारात्मक ऊर्जा के साथ दिन की शुरुआत की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सुरेंद्र जैन ने नवकार महामंत्र के वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ध्वनि विज्ञान का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। उन्होंने बताया कि मंत्र उच्चारण से उत्पन्न होने वाली विशेष कंपन (वाइब्रेशन) शरीर के ऊर्जा चक्रों को सक्रिय करती है, जिससे मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और तंत्रिका तंत्र संतुलित रहता है। नियमित और लयबद्ध जाप को उन्होंने शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया।

इस अवसर पर सकल जैन समाज के अध्यक्ष लोकेंद्र जैन ने कहा कि नवकार महामंत्र किसी एक धर्म या जाति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाता है। उन्होंने बताया कि इस मंत्र में किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि गुणों की वंदना की गई है, जो इसे सार्वभौमिक और वैश्विक बनाती है।

कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने सामूहिक जाप के माध्यम से शांति एवं सकारात्मकता का अनुभव किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया