मंदसौरः शिवना शुद्धिकरण अभियान 153वें दिन भी जारी रहा।

 


मंदसौर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में शिवना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से 1 मई 2025 से लगातार चल रहा शिवना शुद्धिकरण अभियान रविवार को 153वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान श्रमदानियों ने नदी और उसके किनारों पर सफाई करते हुए करीब एक ट्रॉली प्लास्टिक कचरा, जलकुंभी, काई एवं अन्य गंदगी बाहर निकाली ।

अभियान के 19 माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद शिवना नदी की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होना चिंता का विषय बनता जा रहा है। श्रमदानियों द्वारा नियमित रूप से सफाई करने के बावजूद शहर के गंदे नाले अब भी सीधे नदी में मिल रहे हैं । इसके चलते नदी का पानी लगातार प्रदूषित हो रहा है और उसमें से दुर्गंध उठ रही है। शासन-प्रशासन की उदासीनता के कारण श्रमदानियों की मेहनत भी बेअसर साबित हो रही है ।

मीडिया से बातचीत में मंदसौर विधायक विपिन जैन ने कहा कि शिवना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए अब तक लगातार प्रयास किए गए हैं, लेकिन शासन और प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रहे हैं। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सीवरेज व्यवस्था प्रभावी साबित नहीं हुई और गंदे नालों का पानी आज भी शिवना में मिल रहा है। विधायक श्री जैन ने कहा कि अब बहुत हो चुका है। शिवना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए जन आंदोलन ही आखिरी रास्ता बचा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 दिसंबर के बाद जिला मुख्यालय पर शिवना की दुर्दशा के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसमें नगर के आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। शिवना केवल नदी नहीं, बल्कि मंदसौर की आस्था और पहचान है। इसे प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी के साथ संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवना शुद्धिकरण के लिए श्रमदान का सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जब तक नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने की दिशा में ठोस परिणाम सामने नहीं आते, तब तक प्रयास नहीं रुकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया