आगरमालवाः सावन के दूसरे सोमवार को 51 हजार कलश के साथ निकलेगी भव्य यात्रा

 


आगरमालवा, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा शहर में श्रावण माह के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को विधायक मधु गहलोत के नेतृत्व में 51 हजार कलशों के साथ भव्य यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने गुरुवार शाम स्थानीय पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंडी प्रांगण में श्रद्धालुओं के सुगम प्रवेश, कलश में जल भरने की व्यवस्था, कलश लेकर मंडी प्रांगण से श्रद्धालुओं के निकासी व्यवस्था, यात्रा मार्ग पर सुगम एवं सुचारु यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़ी संख्या में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं। इसके पश्चात कलेक्टर एवं एसपी ने कलश यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक प्रबंध एवं व्यवस्थाओं हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी आगरमालवा के विधायक माधव सिंह मधु गहलोत के नेतृत्व में 51 हजार कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण से प्रारंभ होकर हाटपुरा, सराफा, नाना बाजार, झंडा चैक, छावनी नाका होते हुए प्रसिद्ध, प्राचीन व ऐतिहासिक शिवालय श्री बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां कलश यात्रियों द्वारा भगवान बैजनाथ महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। धर्म, आस्था और विश्वास के इस अनूठे आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र बोयत, एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा, सीएमओ कुशालसिंह डोडवे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा