जिला सहकारी बैंक मंदसौर की बड़ी उपलब्धि, अटल पेंशन योजना में देशभर के टॉप-5 में शामिल
मंदसौर, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिला सहकारी बैंक मंदसौर ने अटल पेंशन योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बैंक ने देशभर में टॉप-5 बैंकों में स्थान बनाया है, वहीं सहकारिता क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्रीमती अदिति गर्ग के मार्गदर्शन में बैंक ने यह सफलता हासिल की। बैंक द्वारा अटल पेंशन योजना के तहत बड़ी संख्या में खाते खोले गए, जिसके परिणामस्वरूप यह उपलब्धि संभव हो सकी।
बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कच्छारा ने बताया कि यह सफलता बैंक की मजबूत कार्यप्रणाली, ग्राहक-केंद्रित सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीम भावना के साथ काम करते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया, जिससे अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन हो सका।
बैंक प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय कर्मचारियों, सहयोगी संस्थाओं और जागरूक ग्राहकों को दिया है। साथ ही कहा कि भविष्य में भी बैंक जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इस उपलब्धि से न केवल बैंक की साख बढ़ी है, बल्कि सहकारिता क्षेत्र को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया