अशोकनगर में सजेगा राजवाड़ी रास गरबा का दरबार, तलवार गरबा में दिखेगा नारी शक्ति का शौर्य!
अशोकनगर,14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में नवरात्रि की भक्ति, गरबा की थाप और भारतीय संस्कृति के शौर्य का अनूठा संगम देखने के लिए अशोकनगर तैयार है। शहर में 15 एवं 16 अक्टूबर को ‘राजवाड़ी रास गरबा सीजन-3’ का आयोजन होने जा रहा है। अग्रवाल पैलेस में शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक सजने वाले इस सांस्कृतिक महोत्सव में महिलाएं पारंपरिक गरबा नृत्य के माध्यम से मां दुर्गा की आराधना करेंगी। आयोजन का सबसे खास आकर्षण होगा तलवार गरबा, जिसमें भक्ति के साथ साहस, शौर्य और नारी शक्ति का प्रतीकात्मक प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
जब गरबा की थाप पर दिखेगा शौर्य का रंग!
राजवाड़ी रास गरबा सीजन-3 केवल नृत्य और मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मातृशक्ति के सामर्थ्य को समर्पित एक विशेष पहल है। महिलाओं द्वारा महिलाओं के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में तलवार गरबा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसकी शुरुआत शिवा शर्मा द्वारा की जाएगी। तलवार गरबा भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में साहस, वीरता और शक्ति का प्रतीक माना जाता है। मां दुर्गा के पराक्रमी स्वरूप से प्रेरित यह प्रस्तुति उत्सव में भक्ति के साथ शौर्य का रंग भी जोड़ेगी। आयोजन के दौरान विधिवत उद्घाटन सत्र भी आयोजित किया जाएगा।
मातृशक्ति के नेतृत्व में संस्कृति का उत्सव:
राजवाड़ी रास गरबा की यह पहल भारतीय परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ पारिवारिक संस्कारों, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का प्रयास है। आयोजन से जुड़ी महिलाओं का उद्देश्य है कि नवरात्रि का उत्सव केवल पूजा-अर्चना तक सीमित न रहे, बल्कि नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और मूल्यों से जुड़ सके।
इस आयोजन में सीमा अग्रवाल, किरण अग्रवाल, डॉ. अनुराधा यादव, नीलू सेठ, वैशाली सलूजा, प्रिया खुराना, दीपा रघुवंशी, डॉ. शिवाली यादव, डॉ. निकिता चौरसिया, डॉ. मेघा भंवर, सोनम सोनी, माधुरी सोनी, अनीता जैन, शालिनी खैरा, डॉ. रानी चौकसे, नूतन श्रीवास्तव, नैना शर्मा, नेहा अग्रवाल, मनीषा यादव, मनीषा ओझा, अलीना राय, अरुणा अरोड़ा एवं किरण कुशवाह सहित अनेक महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
भक्ति, परंपरा और नारी शक्ति का संदेश:
भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति को परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार माना गया है। राजवाड़ी रास गरबा सीजन-3 इसी भावना के साथ महिलाओं की सहभागिता, नेतृत्व और सांस्कृतिक गौरव को मंच प्रदान करेगा। गरबा की रंगीन छटा, मां दुर्गा की आराधना और तलवार गरबा का शौर्य इस आयोजन को खास बनाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार