मंदसौर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर नूतन स्टेडियम में होगा अर्हं योग का भव्य आयोजन
मंदसौर, 17 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को मध्य प्रदेश के मंदसौर स्थित स्टेडियम में विशाल योग साधना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, जिला प्रशासन एवं सकल जैन समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों योग प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दिगंबर जैन संत मुनिश्री प्रणम्य सागर जी महाराज के सानिध्य में अर्हं योग साधना का आयोजन रहेगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुनिश्री प्रणम्य सागर जी महाराज ने कहा कि योग और ध्यान भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन, सकारात्मक चिंतन और आत्मशक्ति के विकास का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ध्यान के माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर की ऊर्जा को जागृत कर जीवन में शांति और संतुलन प्राप्त कर सकता है।
मुनिश्री ने अर्हं योग की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह साधना स्वस्थ शरीर, प्रसन्न मन और निर्मल चेतना प्रदान करती है। उनके अनुसार अर्हं योग आत्मविश्वास बढ़ाने, विचारों में पवित्रता लाने और जीवन की चिंताओं से मुक्त होकर सुख एवं शांति प्राप्त करने का माध्यम है।
कार्यक्रम को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रभारी डॉ. चंदा कोठारी ने बताया कि लगभग 11 वर्ष पूर्व मंदसौर में अर्हं योग की शुरुआत हुई थी, जो आज देश के 24 राज्यों और विश्व के 14 देशों तक पहुंच चुका है। वर्तमान में इसके करीब 10 लाख अनुयायी हैं तथा विश्वभर में 1100 से अधिक प्रमाणित प्रशिक्षक अर्हं योग का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार योग दिवस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारिक संगठनों तथा आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी रहेगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया