अनूपपुर: जैतहरी के बंजारी तालाब में मिला युवक का शव, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका
अनूपपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव गुरुवार को बंजारी तालाब में तैरता हुआ मिला। शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या कर शव को तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी अमर वर्मा ने बताया कि नगर परिषद जैतहरी के वार्ड 4 स्थित पुराने बंजारी तालाब में स्थानीय नागरिकों ने शव देखा और तुरंत डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 वाहन ने जैतहरी थाना को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके के साथ एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। मौके पर मौजूद कोई भी व्यक्ति शव की पहचान नहीं कर सका।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव 2-3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और पानी में रहने के कारण सूज गया है। मृतक के शरीर पर कुछ चोट के निशान मिले हैं, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से तालाब में फेंका गया होगा। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस फिलहाल पुराने गुमशुदगी प्रकरणों की भी जांच कर रही है ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला