उमरिया: खाई में गिरा कोयले से लदा ट्राला, 10 घंटे की मशक्कत के बाद चालक-खलासी का रेस्क्यू
उमरिया, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर रविवार को घोड़छत्र नदी के पुल के पास कोयले से लदा एक अनियंत्रित ट्राला खाई में जा गिरा। हादसे के बाद ट्राला में चालक और खलासी फंस गए। दोनों को बाहर निकालने के लिए करीब 10 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए पाली अस्पताल भेजा गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्राला पुल के पास पहुंचा, तभी अचानक उसकी लाइट बंद हो गई। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे के बाद चालक भगवान दास और खलासी सिया लाल ट्राला में फंस गए। रात के समय घटनास्थल पर मदद नहीं मिलने के कारण उन्हें निकालने में काफी समय लगा।
करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद चालक भगवान दास को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद दो घंटे तक और प्रयास किए गए, जिसके बाद खलासी सिया लाल को भी क्रेन और जेसीबी की मदद से बाहर निकाल लिया गया। हादसे में चालक की कमर, कंधे और पैर में चोटें आई हैं। वहीं, खलासी की हालत भी गंभीर है और वह बोलने की स्थिति में नहीं है।
चालक भगवान दास ने बताया कि पुल के पास पहुंचते ही अचानक वाहन की लाइट बंद हो गई थी। वह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही ट्राला खाई में गिर गया। हादसे का विवरण देते समय चालक की आवाज भय के कारण लड़खड़ा रही थी। नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी