अनूपपुर: मां नर्मदा को चढ़ाई गई 75 मीटर चुनरी, रामघाट उत्तर तट से दक्षिण तट तक निकली धार्मिक यात्रा

 






अनूपपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक में मॉ नर्मदा की उद्गम स्थली मां नर्मदा शनिवार को अमरकंटक के रामघाट पर मां नर्मदा को 75 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई गई। इसी दिन मुंबई की चार महिला परिक्रमावासी 18 दिन में 250 किमी पैदल चलकर नर्मदा के उद्गम स्थल पहुंचीं। श्रीधाम वृंदावन के कथा व्यास पंडित कुंज बिहारी दास भक्तमाली की मौजूदगी और संयोजन में चुनरी यात्रा रामघाट के उत्तर तट से दक्षिण तट तक निकाली गई।

इसके पूर्व मां नर्मदा जी का विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-पाठ एवं आरती के साथ मां नर्मदा की आराधना कर जगत के कल्याण, सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना की। मां नर्मदा के जयकारों और धार्मिक आस्था के बीच श्रद्धालुओं ने मां के प्रति अपनी श्रद्धा निवेदित की। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां नर्मदा का स्मरण, दर्शन, पूजन एवं उनकी आराधना जीवन में आध्यात्मिक शांति और पुण्य की अनुभूति प्रदान करती है। अमरकंटक की पावन धरा पर इस प्रकार के धार्मिक आयोजन मां नर्मदा के प्रति जनमानस की अटूट आस्था और सनातन परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति हैं।

कार्यक्रम में गुलाब अग्रवाल, अंकित महल वाला, अंकुश महल वाला, सीताराम महल वाला, बजरंग महल वाला, गोविंद महल वाला, दुर्गा महल वाला, कैलाश महल वाला, हरी महल वाला, ओमप्रकाश महल वाला, पवन कुमार सुल्तानिया, मनोज सुल्तानिया, आलोक अग्रवाल, मामन गोयल, राजू गोयल, अमित परिहार, चंद्रभूषण पवार, पवन बांका, शिव मित्तल, रामजी श्रीवास, राकेश जैन, आधार प्रकाश साधु वाला, धर्म प्रकाश सातू वाला, सुखदेव सिंह ग्रेवाल, सूर्यकांत चतुर्वेदी, लीलाधर चतुर्वेदी, राजू गोयल (पेंड्रा रोड), डॉ. लखनेश शर्मा, प्रमोद गोयल एवं विकास महल वाला सहित अन्य श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला