इंदौर में गुरुवार से हैंडलूम ऑन व्हील की शुरुआत
इंदौर, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश के युवा वर्गों को हैण्डलूम एवं खादी वस्त्रों की जानकारी देने के लिए 16 से 30 सितम्बर 2022 इंदौर के सभी कॉलेजों, विशेष कर फैशन कोर्स वाले कॉलेज में हैण्डलूम ऑन व्हील के माध्यम से बस पहुंचेगी। यह हैंडलूम ऑन व्हील इंदौर के विभिन्न मुख्य क्षेत्र में भी पहुंचेगी।
संत रविदास मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम लिमिटेड इंदौर के प्रबंधक डीके शर्मा ने गुरुवार को बताया कि मध्यप्रदेश शासन कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा 26 सितम्बर 2022 तक मध्य प्रदेश के हैण्डलूम और खादी वस्त्रों को डिजाईन कर रेडीमेड गारमेन्ट्स बनाने हेतु एक प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें सभी कॉलेजों के बच्चे भी भाग ले सकते हैं। भाग लेने वाले प्रतिभागी को मध्यप्रदेश शासन के निर्धारित मृगनयनी एम्पोरियम, खादी ग्रामोद्योग एम्पोरियम एवं रेशम विभाग के एम्पोरियमों से फैब्रिक क्रय कर डिजानर उत्पाद बनाकर देना होंगे। मध्यप्रदेश शासन हैण्डलूम आन व्हील के अन्तर्गत हैण्डलूम खादी, सिल्क सामग्री लेकर कॉलेज में पहुंचेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / डा. मयंक