मुख्यमंत्री ने कर्नाटक के आध्यात्मिक गुरु सिद्धेश्वर स्वामी के निधन पर दुख जताया

 


भोपाल, 3 जनवरी (हि.स.)। कर्नाटक के विजयपुर में ज्ञान योगाश्रम के संत और आध्यात्मिक गुरु सिद्धेश्वर स्वामी का सोमवार की देर शाम निधन हो गया। वे 81 साल थे और पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संत के निधन पर शोक जताया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर अपने शोक संदेश में लिखा ‘परम पूज्य, कर्नाटक के संत सिद्धेश्वर स्वामीजी धर्म, सेवा और कल्याण का पवित्र संगम थे। धर्म और मानवता की सेवा के लिए समर्पित संत को कल हम सबने खो दिया। उनके आशीर्वचन हमें अनंतकाल तक मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। ऊं शांति ।।

गौरतलब है कि संत सिद्धेश्वर स्वामी अपनी विद्वता और मुखर वक्ता के रूप में जाने जाते थे। सिद्धेश्वर स्वामी पांच साल पहले तब काफी सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने पद्मश्री अवॉर्ड ठुकरा दिया था। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस संबंध में जानकारी भी दी थी । 81 वर्षीय सिद्धेश्वर स्वामी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. 'वॉकिंग गॉड' (जीवित भगवान) के रूप में अपने भक्तों के बीच मशहूर सिद्धेश्वर स्वामी के निधन की जानकारी मिलने के बाद उनके हजारों भक्त आश्रम के आसपास जुटने शुरू हो गए। विजयपुरा जिला प्रशासन ने सिद्धेश्वर स्वामी के निधन के कारण आज स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों में छुट्टी घोषित की है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय/मयंक चतुर्वेदी