अनूपपुर: ग्रामीण-जनजातीय पर्यटन से रूबरू हुए इंगांराजविवि के 90 विद्यार्थी, थाड़पथरा में लिया जमीनी अनुभव

 




अनूपपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के पर्यटन प्रबंधन विभाग के 90 विद्यार्थियों ने विश्व पर्यटन सप्ताह के अवसर पर गुरुवार को सुदूर बैगा ग्राम थाड़पथरा में ग्रामीण एवं जनजातीय पर्यटन का जमीनी अनुभव लिया। ‘

ग्रामीण और जनजातीय पर्यटन कार्यशाला और फील्ड पर्यटन’ के तहत विद्यार्थियों ने प्राकृतिक परिवेश के बीच ट्रैकिंग करते हुए बैगा समुदाय की पारंपरिक जीवनशैली और स्थानीय पर्यटन की संभावनाओं को करीब से समझा।

विद्यार्थियों ने मडहाउस से ‘माई का मंडप’ तक रोमांचक ट्रैकिंग की। घने जंगलों और अमरावती गंगा नदी के प्राकृतिक परिवेश से होते हुए कमरापथरा के रास्ते उन्होंने ट्रैकिंग पूरी की। इस दौरान विद्यार्थियों ने बैगा जनजाति के रहन-सहन, खान-पान, गोदना परंपरा और प्रकृति के साथ उनके पारंपरिक संबंधों की जानकारी हासिल की।

थाड़पथरा पर्यटन समिति ने किया स्वागत

ट्रैकिंग पूरी करने के बाद थाड़पथरा पर्यटन समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन गतिविधियों में समुदाय की भूमिका के बारे में जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी चखा।

कार्यक्रम में जीपीएम जिला पर्यटन नोडल अधिकारी डॉ. राहुल गौतम, ब्लॉक मिशन प्रबंधक अभिषेक जायसवाल और पर्यटन समन्वयक हर्ष सोनी ने विद्यार्थियों को समुदाय-आधारित पर्यटन (‘कम्युनिटी बेस्ड टूरिज्म’ मॉडल) की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय समुदायों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

पर्यटन के साथ आजीविका पर भी जोर

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ चर्चा में स्थानीय संसाधनों, संस्कृति और समुदाय की भागीदारी के माध्यम से पर्यटन को विकसित करने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। क्षेत्र की यात्रा (फील्ड विजिट) के जरिए विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले ग्रामीण एवं जनजातीय पर्यटन के सिद्धांतों को जमीनी स्तर पर समझने का अवसर मिला।

आयोजन पर्यटन प्रबंधन विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. रोहित रविंद्र बोरलिकर, डॉ. जयप्रकाश नारायना एवं डॉ. दिनेश कुमार परस्ते के सहयोग से संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में थाड़पथरा पर्यटन समिति के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला