मंदसौर में जनगणना का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण, स्व गणना अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान

 


मंदसौर, 18 मई (हि.स.)। मध्‍यप्रदेश के मंदसौर जिले में जनगणना कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने बताया कि जिले में जनगणना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चार्ज अधिकारी लगातार मैदानी स्तर पर कार्य कर रहे हैं।

बैठक में ग्रामीण और नगरीय निकाय क्षेत्रों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनगणना से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर उन्हें समय पर पूरा कराया जाए। उन्होंने बताया कि स्व गणना अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंदसौर जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

बैठक में अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को गर्मी और आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए जरूरी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए फायर ब्रिगेड और अन्य संसाधनों को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया।

इसके अलावा पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में तत्काल वैकल्पिक जल स्रोत उपलब्ध कराने, भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने और ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

गेहूं उपार्जन की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बारदानों और गोदामों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया 23 मई तक जारी रहेगी।

साथ ही सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया