आगरमालवाः जिला प्रशासन ने 750 बीघा शासकीय गोचर भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

 


आगरमालवा, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में राजस्व विभाग द्वारा ग्राम गाता में 750 बीघा शासकीय गोचर भूमि अतिक्रमण मुक्त कराते हुए सीमा चिन्ह स्थापित कर भूमि का सीमांकन किया गया।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर प्रीति यादव के निर्देशन में राजस्व अमले द्वारा शुक्रवार को ग्राम गाता में स्थित लगभग 750 बीघा शासकीय गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। उक्त भूमि के खसरा क्रमांक 141/1, 141/2, 141/3, 572, 145, 587, 569, 581, 582, 591, 583 एवं 149 पर ग्रामवासियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से शासकीय भूमि पर खंतियां खोदकर सीमा चिन्ह स्थापित किए गए तथा भूमि का सीमांकन सुनिश्चित किया गया। यह भूमि ग्रामीण क्षेत्र में पशुओं के चरागाह (गोचर) के रूप में आरक्षित है, जिस पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर भूमि को पुनः शासकीय अभिलेखों के अनुरूप सुरक्षित किया गया। कुछ अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार सिविल जेल भेजने की कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन है। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई, तहसीलदार विजय सेनानी, एएसआई कानड़, राजस्व निरीक्षक राहुल, पटवारी अनिकेत, शिवराज, प्रहलाद मालवीय, प्रांजल भावसार, कोटवार एवं पुलिस बल सहित राजस्व विभाग का अमला उपस्थित रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा