अनूपपुर: घर की दीवार तोड़कर हाथी ने किया 70 वर्षीय बुजुर्ग घायल पर हमला

 


अनूपपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोई के पडमनिया टोला में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक अकेले हाथी ने घर की दीवार तोड़कर 70 वर्षीय बुजुर्ग को घायल कर दिया।

घायल वृद्ध को वन विभाग के गश्ती दल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार वृद्ध की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन बेहतर उपचार और अन्य जांचों के लिए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया जाएगा।

ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ वन सीमा से करीब छह दिन पूर्व अनूपपुर जिले में पहुंचे चार हाथियों का समूह रविवार शाम दो हिस्सों में बंट गया। इनमें से तीन हाथियों का दल जैतहरी क्षेत्र के धनगवां जंगल से विचरण करते हुए अनूपपुर वन परिक्षेत्र के भोलगढ़ बीट अंतर्गत खुरियारी जंगल पहुंच गया है। वहीं एक अकेला हाथी ग्राम पंचायत पड़रिया के चोई गांव के अलग-अलग टोला-मोहल्लों में घूमकर ग्रामीणों के घरों की दीवारें तोड़ने और खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाने में लगा हुआ है।

वन परिक्षेत्राधिकारी विवेक मिश्रा ने बताया कि मंगलवार-बुधवार की रात धनगवां बीट के जंगल से भोजन की तलाश में निकला अकेला हाथी चोई गांव के पडमनिया टोला पहुंचा। जहां उसने 70 वर्षीय भोला प्रसाद राठौर के घर के पास रखा धान का कुठला तोड़कर धान खाया और इसके बाद घर के समीप पहुंच गया। इसी दौरान भोला प्रसाद बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकले, तभी हाथी ने मकान की दीवार को धक्का देकर गिरा दिया। दीवार के मलबे में दबने से वृद्ध के हाथ-पैर और कमर में चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का गश्ती दल मौके पर पहुंचा और घायल वृद्ध को जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार किया जा रहा है।

इधर तीन हाथियों का समूह भी मंगलवार की देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र, तहसील एवं वन परिक्षेत्र अनूपपुर के ग्राम पोंडी, मानपुर और बरबसपुर के ग्रामीण इलाकों में पहुंच गया। हाथियों ने कई ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ करते हुए खेतों और बाड़ियों में लगी सब्जियों व अन्य फसलों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों का दल ग्राम सांधा होते हुए जिला मुख्यालय अनूपपुर से करीब पांच किलोमीटर दूर बरबसपुर गांव पहुंचा, जहां भी घरों और फसलों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद सुबह हाथी जंगल की ओर चले गए। हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला