अनूपपुर: तालाब में डूबने से 5 साल के बच्चे की मौत, दूसरे दिन निकाला शव

 




अनूपपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। जिले के सीमावर्ती और शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खोह के सोनहा गांव में एक 5 साल के बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने गुरुवार को घंटों की तलाश के बाद बच्चे का शव तालाब से बाहर निकाला। धनपुरी थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया है।

नायब तहसीलदार बुढार (शहडोल) मनोज सिंह ने बताया कि बुधवार की दोपहर बच्चे के घरवाले खेत में काम करने गए थे। मोहन यादव का 5 साल का बेटा विनोद यादव शाम को मोहल्ले के चार-पांच बच्चों के साथ घर से 200 मीटर दूर अमहाई तालाब में नहाने गया था। विनोद अन्य बच्चों के साथ कपड़े उतारकर पानी में नहा रहा था, तभी वह गहरे पानी में डूब गया। साथ के बच्चों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और नहाने के बाद घर लौट गए। शाम को जब घरवाले लौटे और विनोद की तलाश शुरू की, तो बच्चों से पूछताछ में तालाब में नहाने की बात सामने आई। पिता और परिजन ने खोजबीन के दौरान तालाब के बाहर एक चट्टान पर विनोद की शर्ट पड़ी देखी। इसके बाद उन्हें विनोद के तालाब में डूबने की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत धनपुरी थाना और बुढार तहसीलदार को घटना की सूचना दी।

गुरुवार सुबह बुढार के नायब तहसीलदार मनोज सिंह, अनूपपुर के सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने एसडीईआरएफ शहडोल की रेस्क्यू टीम से तालाब में तलाशी कराई। रेस्क्यू दल ने घंटों की मशक्कत के बाद गहरे पानी में डूबे विनोद यादव के शव को बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला