सुरक्षा से खिलवाड़ पर 40 बसों पर चालानी कार्रवाई, नियमों पालन करने वालों को पुष्प गुच्छ से सम्मान
अशोकनगर,27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में लोक परिवहन बसों का विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बुधवार को जहां नियमों की अनदेखी करने वाले 40 बस चालकों पर सख्त चालानी कार्रवाई की गई, वहीं यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने वाले जिम्मेदार चालकों को पुलिस ने पुष्प गुच्छ (बुके) देकर सम्मानित भी किया।
राजमाता चौराहे पर संयुक्त कार्रवाई, 40 बसों के कटे चालान:यातायात थाना प्रभारी मनीष सिंह चौहान, कोतवाली थाना प्रभारी रविप्रताप सिंह चौहान, देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा और जिला परिवहन के स्टाफ ने राजमाता चौराहे पर संयुक्त चेकिंग लगाई। इस दौरान बसों में सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 40 बसों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
सवारियों से लबालब भरी स्कूल बस ज़ब्त, कोर्ट भेजा मामला:चेकिंग के दौरान एक स्कूल बस को रोका गया। जांच में बस के अंदर गंभीर लापरवाहियां पाई गईं। बस स्कूली बच्चों/यात्रियों से पूरी तरह लबालब भरी हुई थी। बस के भीतर न तो अग्निशमन यंत्र था और न ही फर्स्ट एड बॉक्स।
पुलिस ने इस स्कूल बस को मौके पर ही विधिवत ज़ब्त कर थाना कोतवाली में खड़ा करवा दिया है। बस संचालक पर भारी जुर्माना लगाने के लिए प्रकरण तैयार कर माननीय सीजेएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
बताया गया कि 8 मुख्य बिंदुओं पर पैनी जांच पुलिस द्वारा रखी जा रही है जिनमें आपातकालीन सुरक्षा फायर एक्सटिंग्विशर, इमरजेंसी एग्जिट और फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता है। अवैध सीटें जिन बसों में अतिरिक्त सीटें लगा ली गई हैं, उन पर सीधी कार्रवाई की जा रही है। वहीं वाहन रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, पीयूसी और बीमा शाामिल है।
और चालक की योग्यता चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बैज। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां या सीटें लगाना। निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाना। नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों की जांच। रात में सुरक्षित संचालन के लिए रिफ्लेक्टर और लाइट व्यवस्था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार