उज्जैन के आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में 28वें ऑर्थोपेडिक्स पीजी कोर्स का हुआ समापन

 


उज्जैन, 22 मार्च (हि.स.)। आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में आयोजित 28वां बी. मुखोपाध्याय पोस्टग्रेजुएट इंस्ट्रक्शनल कोर्स रविवार को संपन्न हो गया। अंतिम दिन के सत्र में मुख्य रूप से बच्चों की हड्डी संबंधी समस्याओं और बोन कैंसर पर प्रमुखता से चर्चा की गई।

इस विशेष सत्र में मुंबई के ख्यात पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. अलारिक अरूजीस और अहमदाबाद के डॉ. अभिजीत सालुंके ने व्याख्यान दिए। उज्जैन के डॉ. जितेंद्र भटनागर ने हड्डियों की विकृतियों को दूर करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली रशियन तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

उत्कृष्ट चर्चा के लिए युवा चिकित्सक पुरस्कृत

समापन समारोह में वल्र्ड ऑर्थोपेडिक कंसर्न इंटरनेशनल के अध्यक्ष डॉ. अरिंदम बनर्जी अतिथि थे। समारोह में क्लिनिकल केस पर उत्कृष्ट चर्चा के लिए डॉ. ऐश्वर्या महाजन को बेस्ट पार्टिसिपेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया। डॉ. आरडी श्रीवास्तव को बेस्ट शॉर्ट केस और डॉ. अभिनव अमन को बेस्ट लॉन्ग केस का पुरस्कार प्रदान किया गया। कोर्स डायरेक्टर डॉ. डीके तनेजा ने सभी प्रशिक्षु चिकित्सकों को चिकित्सा के क्षेत्र में हमेशा ईमानदार और नैतिक मार्ग अपनाने की सलाह दी। आभार आयोजन सचिव डॉ. विवेक सिंह ने माना।

देशभर के विशेषज्ञों ने किया ज्ञान साझा

उज्जैन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अजय खरे ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. वीके महाडिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऑर्थोपेडिक्स के पोस्टग्रेजुएट छात्रों की क्लिनिकल समझ और सर्जिकल विशेषज्ञता को बढ़ाना था। इस दौरान देशभर के जाने-माने ऑर्थोपेडिक सर्जनों ने ट्रॉमा प्रबंधन, जोड़ प्रत्यारोपण, रीढ़ की सर्जरी और खेल संबंधी चोटों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी गहन मार्गदर्शन देकर युवा सर्जनों के साथ अपना ज्ञान साझा किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल