अनूपपुर: दिव्यांग स्वास्थ्य परीक्षण शिविर मे 207 दिव्यांगों का हुआ चिन्हांकन
अनूपपुर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्याचलय में 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों की पहचान, स्क्रीनिंग और दिव्यांगता प्रमाणन के लिए बुधवार को जिला स्तरीय विशेष शिविर जिला चिकित्सालय अनूपपुर प्रांगण में आयोजित किया गया।
कलेक्टर हर्षल पंचोली के दिशा- निर्देशन में आयोजित शिविर मे जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के दिव्यांग बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित रहकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत चिकित्सा विषय विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांग प्रतिशत के आधार पर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए जिसके आधार पर यूडीआईडी कार्ड बनाने की कार्यवाही की गई। शिविर में बनाए गए दिव्यांगता प्रमाण पत्र के आधार पर दिव्यांगजन शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। शिविर में मानसिक रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन रोग विशेषज्ञ, नाक- कान- गला रोग विशेषज्ञ, नेत्र विशेषज्ञ, आर्थ्रोपोडिक्स विशेषज्ञ,शिशु रोग विशेषज्ञ, ने उपस्थित रहकर दिव्यांग जनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने शिविर में उपस्थिति रहकर दिव्यांगों की समस्याएं सुनी तथा दिव्यांगों के स्वास्थ्य परीक्षण कार्य की मॉनिटरिंग की। उन्होंने दिव्यांगों तथा उनके परिजनों से दिव्यांगता के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं का समाधान कराया।
दिव्यांग स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक के के सोनी, जनपद पंचायत जैतहरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के के रैकवार, जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त सरिता नायक, महिला बाल विकास विभाग की सहायक संचालक मंजूषा शर्मा, सर्व शिक्षा अभियान के एपीसी संतोष मिश्रा, जिला चिकित्सालय के लैब टेक्नीशियन भाई लाल पटेल, समग्र विस्तार अधिकारी सुदीप गर्ग,सहित सिविल सर्जन डॉ एस आर परस्ते एवं विशेषज्ञ चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ तथा ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायों के अमले का सहयोग उल्लेखनीय रहा।
दिव्यांग स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 521लोगों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। जिनमें 207 दिव्यांगों का चिन्हांकन किया गया। ऑर्थोपेडिक के 31 मेडिसिन के 24 शिशु रोग में 12 नाक कान गला रोग में 07 मानसिक रोग के 103 नेत्र रोग में 22 सिकल के 05 दिव्यांगों का चिन्हांकन किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला