मंदसौरः जिले की 205 ग्राम पंचायत टीबी से मुक्त, सरपंच-सचिव एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता सम्मानित
मंदसौर, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में मंगलवार को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे आडिटोरियम में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले की 205 ग्राम पंचायतों को क्षय रोग (टीबी) से मुक्त घोषित करते हुए सरपंच, सचिवों एवं स्वास्थ्य कार्यकतार्ओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर अदिती गर्ग, विधायक विपिन जैन, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, मेडिकल कॉलेज डीन, सीएमएचओ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कलेक्टर अदिती गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से मंदसौर जिले ने टीबी उन्मूलन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने सभी के सहयोग को इस सफलता का आधार बताया।
विधायक विपिन जैन ने कहा कि 205 ग्राम पंचायतों का टीबी मुक्त होना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि मरीजों को 1000 रुपए प्रोत्साहन राशि के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। मंदसौर जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्ति संकल्प पत्र का विमोचन किया गया तथा उपस्थित सभी लोगों को टीबी मुक्त मंदसौर की शपथ दिलाई गई। अंत में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर एवं कलेक्टर द्वारा टीबी मुक्त भारत प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया