पेनाल्टी के विरोध में भोपाल के 2 हजार डंपरों के पहिए थमे, चूनाभट्टी चौराहे पर 700 डंपर मालिकों का धरना, सरकार से राहत की मांग
भोपाल, 21 सितंबर (हि.स.)। भारी-भरकम पेनाल्टी के विरोध में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के करीब 2 हजार डंपर मालिकों ने काम बंद कर दिया है। सोमवार को करीब 700 डंपर मालिकों ने चूनाभट्टी चौराहे पर धरना दिया। डंपर मालिकों का आरोप है कि परिवहन के दौरान कार्रवाई होने पर 4 लाख रुपए का फिक्स जुर्माना और इसके अलावा 20 से 40 हजार रुपए तक अतिरिक्त पेनाल्टी वसूली जा रही है। उनका कहना है कि पिछले करीब तीन साल से इस तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
डंपर मालिकों के हड़ताल पर जाने से शहर के कई हिस्सों में रेत, गिट्टी और कोपरा की सप्लाई प्रभावित होने लगी है। पिछले दो दिनों में कोलार रोड पर करीब 100, ईंटखेड़ी में 80, रायसेन रोड पर 25 और 11 मील क्षेत्र में करीब 70 डंपर सड़क किनारे खड़े किए गए हैं। कोलार रोड स्थित चूनाभट्टी चौराहे से सर्वधर्म ब्रिज तक भी बड़ी संख्या में डंपर खड़े हैं।
दूसरे दिन भी जारी रहा धरना
लोकल ट्रांसपोर्ट जागरूकता सहायता समिति के बैनर तले चूनाभट्टी चौराहे पर डंपर मालिकों का धरना सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। संगठन के सचिव रोहित यादव ने कहा कि परिवहन के दौरान डंपर पकड़े जाने पर 4 लाख रुपए का फिक्स जुर्माना और 20 से 40 हजार रुपए तक अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है।
डंपर मालिकों का कहना है कि वे पेनाल्टी की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव और कार्रवाई में राहत की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि जुर्माने की राशि इतनी अधिक है कि छोटे और मध्यम स्तर के डंपर संचालकों पर इसका सीधा आर्थिक असर पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री से मिलने की तैयारी
संगठन पदाधिकारियों के मुताबिक वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर अपनी मांग रखना चाहते हैं। इसके लिए सांसदों और विधायकों से संपर्क किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
मंगलवार को संगठन की बैठक में आगामी रणनीति तय की जाएगी। डंपर मालिकों ने जरूरत पड़ने पर सड़कों पर डंपर खड़े कर विरोध प्रदर्शन बढ़ाने की बात कही है। हालांकि, अभी इस संबंध में प्रशासन या परिवहन विभाग की ओर से कोई पक्ष सामने नहीं आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे