शहडोल: ज्ञानोदय स्कूल में 17 छात्र बीमार,कमजोरी और बुखार की शिकायत, जिला चिकित्सालय में इलाजरत
शहडोल, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिल के विचारपुर स्थित आवासीय ज्ञानोदय विद्यालय में शुक्रवार को 17 छात्र बीमार पड़ गए। सभी छात्रों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में छात्रों के मौसमी बीमारी से प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
शुक्रवार को विद्यालय में पढ़ाई के दौरान कई छात्रों ने अचानक कमजोरी, बुखार और अस्वस्थता की शिकायत की। कुछ ही देर में बीमार छात्रों की संख्या बढ़कर 17 हो गई। विद्यालय प्रबंधन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी छात्रों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा।
जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की टीम ने सभी बीमार छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टरों ने आवश्यक उपचार शुरू कर उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराईं। प्रारंभिक परीक्षण में किसी भी छात्र की स्थिति गंभीर नहीं पाई गई। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश छात्र मौसमी संक्रमण या वायरल बीमारी के लक्षणों से पीड़ित प्रतीत हो रहे हैं। एहतियात के तौर पर उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
छात्रों के बीमार होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय प्रबंधन सक्रिय हो गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। वहीं, विद्यालय प्रबंधन ने अन्य विद्यार्थियों पर भी नजर रखनी शुरू कर दी है, ताकि किसी अन्य छात्र में ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल इलाज किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल घबराने जैसी स्थिति नहीं है। सभी छात्रों की हालत सामान्य है और उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार है। स्वास्थ्य विभाग ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और भोजन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला