मंदसौरः रोजगार मेले में 149 युवाओं का मिला रोजगार, 220 युवक-युवतियों ने कराया पंजीयन
मंदसौर, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रोजगार उन्मुख गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय आईटीआई सीतामऊ में गुरुवार को युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिस मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ सुवासरा विधायक श्री हरदीपसिंह डंग द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 220 युवक एवं युवतियों ने पंजीयन कराया। मेले में उपस्थित सात निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के माध्यम से 149 युवक-युवतियों का प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी युवाओं को प्रदान की गई। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत हितग्राहियों को 15 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। मेले में आदिम जाति कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, मध्यप्रदेश आजीविका मिशन, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। मेले के माध्यम से युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास के विभिन्न अवसरों से अवगत कराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया