अनूपपुर: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर आयोजित होगा सामूहिक योगाभ्यास
अनूपपुर, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित मैकल पार्क में जिला स्तरीय 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल होंगे ।
आयुष विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन मैकल पार्क अमरकंटक में प्रातः 6 बजे से किया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग निर्धारित की गई है। जिसमे कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल के मुख्य आतिथ्य होगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आवाहन पर मितव्ययिता को दृष्टिगत रख मंत्री दिलीप जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी, प्रातः 4 कलेक्ट्रेट कार्यालय से अमरकंटक के लिए आरक्षित बस से प्रस्थान करेंगे। जहां प्रातः 6 बजे आगमन के पश्चात जनप्रतिनिधियों के उद्बोधन होंगे। इसके बाद भोपाल से मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण तथा कोलकाता से प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। प्रातः 6:30 बजे से 7 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला