अनूपपुर: माइक्रो फाइनेंस कंपनी के 1.20 लाख हड़पे, फर्जी लूट की बनाई कहानी, भेजा जेल

 


अनूपपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की चचाई पुलिस ने एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फील्ड अफसर को फर्जी लूट की झूठी कहानी गढ़ने और कंपनी के 1.20 लाख रुपये हड़पने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है। पुलिस को आरोपी के पास से 1,18,400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन मिला है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

चचाई थाना प्रभारी फूलवती ने बताया कि 7 अगस्त को अमित नामदेव (निवासी स्लीमनाबाद, कटनी, हाल निवासी पुरानी बस्ती अनूपपुर) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 'स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी के फील्ड एजेंट कुलदीप शर्मा ने कलेक्शन के 1,20,467 रुपए का गबन कर लिया है। कुलदीप कंपनी में फील्ड ऑफिसर के पद पर काम करता है।

शिकायत के अनुसार कुलदीप ने 6 अगस्त को देवरी, खुटवा, चचाई और सकोला से पैसे वसूले थे। उसे रात 8 बजे तक अनूपपुर दफ्तर में रुपए जमा करने थे, लेकिन वह न तो ऑफिस पहुंचा और न ही उसका फोन लगा। जब कंपनी ने उस पर दबाव बनाया, तो उसने अपने साथ लूट होने की झूठी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपी कुलदीप शर्मा (24 वर्ष) पुत्र कन्हैया लाल, निवासी उचेहरा, गोहपारू, शहडोल का झूठ पकड़ा गया। उसने कबूल किया कि उसे निजी काम के लिए पैसों की जरूरत थी, इसलिए उसने वसूली की रकम अपने पास रख ली और अपना मोबाइल जंगल में छिपा दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला