पन्ना-कटनी मार्ग पर सड़क पर मिले 12 गौवंश, 11 मृत
पन्ना, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पवई-शाहनगर बॉर्डर के पास सड़क किनारे 12 गौवंश लावारिस हालत में पड़े मिले। इनमें से 11 गौवंशों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक बुरी तरह घायल था।
स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई। घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम और शाहनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। संभावना जताई जा रही है कि तस्करों ने पकड़ में आने के डर से या किसी अन्य वजह से इन बेजुबानों को किसी वाहन से यहां फेंक दिया होगा। घायल गौवंश को उपचार के लिए नजदीकी गौशाला भिजवाया गया, जबकि मुख्य मार्ग पर पड़े मृत गौवंशों के शवों को जेसीबी की मदद से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौतों की असली वजह पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा किए जाने वाले पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे