सतना में बारात से लौट रही बोलेरो पलटी, 10 घायल, 3 की हालत गंभीर

 


सतना, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में बारात से लौट रहे करीब 10 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, निमिहा गांव से बारात रीवा जिले के कुठूलिया गई थी। वापसी के दौरान बुधवार सुबह बकिया गांव के पास बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर किया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, तीन घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य का उपचार जारी है।

झपकी आने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण बिगड़ सकता है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खेत से बाहर निकालने की कार्रवाई भी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे