(अपडेट) शिवपुरीः ग्राम गूडर में सिलेंडर में विस्फोट से मकान में लगी आग, 4 वर्षीय बालिका की मौत और 4 घायल

 




शिवपुरी, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में खनियाधाना विकासखंड के ग्राम गूडर में बुधवार सुबह सिलेंडर में विस्फोट के बाद एक मकान में भीषण आग लग गई। घटना में एक 4 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

घटना की जानकारी मिलते ही पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा राहत कार्यों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने घायलों को शीघ्र एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रारंभिक उपचार के बाद सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज शिवपुरी भेजा गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उन्नत उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।

प्रशासन के अनुसार हादसे में कुल पांच लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें एक चार वर्षीय बालिका की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य घायलों का उपचार जारी है। जिला प्रशासन द्वारा घायलों के उपचार एवं आवश्यक सहायता की सतत निगरानी की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से गैस सिलेंडर एवं घरेलू गैस उपकरणों के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा