हेसाग तालाब का निरीक्षण कर नगर आयुक्त ने साफ-सफाई का दिया निर्देश
रांची, 27 अक्टूबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की बात पर मंगलवार को रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने हेसाग तालाब का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर हेसाग छठ पूजा समिति के अध्यक्ष दुर्गेश यादव ने समिति के सदस्यों के साथ नगर आयुक्त का स्वागत मैथिली पेंटिंग और चुनरी भेंट कर किया। उन्होंने तालाब में व्याप्त समस्याओं से नगर आयुक्त को अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, जलस्तर, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, हेसाग छठ पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, नगर निगम के विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी और छठ पूजा समिति के सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar