लोहरदगा में चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक एवं सम्मान समारोह
लोहरदगा, 1 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारत वर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन बलदेव साहू शिव प्रसाद साहू धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य सभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू ने किया।
साहू ने चंद्रवंशी समाज के लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि चंद्रवंशी समाज हमेशा बुराइयों से लड़ा है और सत्य का साथ दिया है। सामाजिक सौहार्द बनाने में चंद्रवंशी समाज की भूमिका सकारात्मक रही है। उन्होंने चंद्रवंशी समाज के उत्थान के लिए सहयोग के रूप में अपने निधि से विवाह भवन बनवाने की घोषणा की। लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि चंद्रवंशी समाज देश के प्रथम चक्रवर्ती सम्राट जरासंघ महाराज के वंशज हैं जो हमेशा निडरता एवं साहसिक कार्यों के लिए प्रसिद्धि रहा है। विपरीत काल होने के कारण आज इनकी हकमारी की जा रही है। उन्होंने संसदीय कोष से धर्मशाला निर्माण की घोषणा की।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार आजाद ने कहा कि चंद्रवंशी समाज की घोर उपेक्षा होती रही है लेकिन अब चंद्रवंशी समाज जागरूक हो गया है। चंद्रवंशियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी ने कहा कि राज्य के चंद्रवंशी समाज को हाशिए पर डालने का प्रयास निंदनीय है। सीएनटी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर झारखंड सरकार को विचार करना चाहिए और आदिवासी समाज को सीएनटी का जो लाभ दिया गया है वह चंद्रवंशी समाज को भी मिलना चाहिए।
झारखंड की महिला अध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रदेश युवा अध्यक्ष निश्चय वर्मा ने युवाओं को आह्वान करते हुए कहा कि युवा में बहुत शक्ति होती है, उसका सदुपयोग समाज के पिछड़ेपन को दूर करने शिक्षित बनाने में सहयोग करेंगे।
इस दौरान लोहरदगा जिला कमेटी का विस्तार किया गया और 6 महीने के अंदर वोटिंग के जरिए चुनाव कराने का निर्देश दिया गया। लोहरदगा अध्यक्ष के रूप में दुबराज वर्मा, जिला महामंत्री रितेश वर्मा उर्फ कुणाल वर्मा तथा वरीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ राम को बनाया गया। डॉक्टर आकाश वर्मा, रोहिणी वर्मा, छितिज वर्मा, अरविन्द वर्मा, अंकुर वर्मा, आंचल वर्मा, अनुराधा वर्मा, संजना वर्मा को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। अवनि वर्मा, अमित वर्मा और किशोर वर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय और माया देवी को सिलाई प्रशिक्षक के सराहनीय कार्य करने पर मेडल देकर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ गोपी/चंद्र प्रकाश