रामगढ़ के सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन 24 को
रामगढ़, 23 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर के सौंदर्यीकरण का कार्य लगातार चल रहा है। रामगढ़ छावनी परिषद की ओर से सड़कों के किनारे सफाई के साथ-साथ कई ऐतिहासिक प्रतिमाओं की स्थापना की गई है।
इसमें महात्मा गांधी की दांडी यात्रा, शहीद स्थल, सूर्य नमस्कार और सुभाष चौक थाना, थाना चौक पर स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस और महात्मा गांधी की नई प्रतिमा लगाई गई है।
इसके अलावे फुटबॉल ग्राउंड के पास 100 फीट का तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। नए निर्माण का उद्घाटन 24 अक्टूबर को किया जाएगा। रामगढ़ छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
शुक्रवार को छावनी परिषद के सीईओ ने बताया कि नई सराय चौक पर शहीद स्मारक, थाना चौक पर महात्मा गांधी की दांडी यात्रा, बिजुलिया में सूर्य नमस्कार योग को प्रतिमा स्थापित कर दर्शाया गया है। यह शहर के आम लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। साथ ही रामगढ़ शहर से गुजरने वाले लोगों को भी यह काफी मनभावन लगेगा।
दिन की रोशनी के साथ-साथ रात के अंधेरे में भी इन सभी प्रतिमा स्थलों पर रोशनी की व्यवस्था की गई है। ताकि रात में गुजरने वाले लोगों को भी यह बखूबी नजर आए। उदघाटन कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक होगा। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश