अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी में बालू लदे चार ट्रैक्टर जब्त

 


देवघर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला खनन पदाधिकारी के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे चार ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।

अभियान का नेतृत्व खान निरीक्षक आकाश कुमार सिंह ने पुलिस के सहयोग से किया। इस दौरान जसीडीह थाना क्षेत्र में बिहार की सीमा से जुड़े मार्गों पर खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की वैध कागजात और चालान की गहन जांच की गई। वैध चालान वाले वाहन चालकों को सुरक्षित परिवहन और विभागीय नियमों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार के अवैध परिवहन से दूर रहने की चेतावनी दी गई।

सघन जांच के दौरान कुंडा थाना क्षेत्र के बासमता-चांदडीह के समीप, सारवां थाना क्षेत्र के मनीगढ़ी के समीप और मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के मार्गोमुंडा चौक के समीप अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए कुल चार ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी वाहनों को तत्काल जब्त कर संबंधित थानों को सुपुर्द कर दिया गया है। वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश के तहत अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन में संलिप्त वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है। अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

विभाग की ओर से अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नगर के प्रमुख स्थलों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में माइनिंग चेकपोस्ट स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy