संतान सुख न मिलने की दर्द से परेशान महिला ने फंदे से झूलकर दी जान

 


जमशेदपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। सोनारी थाना क्षेत्र के बी ब्लॉक स्थित कुम्हारपाड़ा में सोमवार देर रात एक महिला ने फंदे से झुलकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, रूपा देवी(40) की शादी वर्ष 2003 में अजय वर्मा के साथ हुई थी। शादी के दो दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद दंपती को संतान सुख प्राप्त नहीं हो सका था। इसी कारण रूपा देवी लंबे समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थी। हालांकि,वह खुद को व्यस्त रखने के लिए सोनारी बाजार में कपड़ों की दुकान चलाती थीं,लेकिन भीतर ही भीतर अकेलेपन और मातृत्व की कमी का दर्द उन्हें लगातार परेशान कर रहा था।

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है,जिसमें रूपा देवी ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। नोट में उन्होंने स्पष्ट रूप से लिखा है कि मां न बन पाने का दुख उन्हें अंदर से तोड़ चुका था और इसी पीड़ा के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

इस घटना ने परिवार की खुशियों को भी मातम में बदल दिया। परिजनों ने बताया कि महज दो दिन बाद ही उनके चचेरे भाई की शादी होने वाली थी, जिसकी तैयारियां जोरों पर थीं। घर में खुशी का माहौल था और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था,लेकिन इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक