सुवर्णरेखा नदी से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद

 

पूर्वी सिंहभूम, 05 अगस्त (हि.स.)। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित बारीडीह बस्ती के पास बुधवार सुबह सुवर्णरेखा नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। सुबह नदी में स्नान करने पहुंचे स्थानीय लोगों की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि वे अवकाश पर हैं, इसलिए उन्हें घटना की विस्तृत जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि थाना में मौजूद ड्यूटी ऑफिसर मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर गए होंगे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक