ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत

 


दुमका, 07 मार्च (हि.स.)। जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-133 पर दिग्घी गांव के समीप शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार देवघर की ओर से चावल लोड कर एक मिनी ट्रक हंसडीहा की दिशा में आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक अचानक ट्रक के सामने से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति ट्रक के नीचे दब गए, जिससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार बाइक (निबंधन संख्या जेएच-10 एटी-8959) धनबाद निवासी सुशांत कुमार दास के नाम से निबंधित है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों व्यक्ति कोठिया हटिया से कबूतर खरीदकर देवघर की ओर जा रहे थे। इस संबंध में थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार की सुबह दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार