रांची में टाइगर मोबाइल के पुलिसकर्मियों ने किया फायरिंग अभ्यास

 


रांची, 04 सितंबर (हि.स.)। रांची के जैप-1 ग्राउंड, बरियातू में शुक्रवार को टाइगर मोबाइल में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों का छोटे हथियारों से फायरिंग अभ्यास कराया गया।

पुलिस के अनुसार, अभ्यास के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और मानक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए हथियारों के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन, लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाने तथा आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास कराया गया।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की फायरिंग दक्षता, हथियार संचालन क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं ऑपरेशनल तत्परता को और बेहतर करना है, ताकि कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में पुलिस बल प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सके।

डीएसपी सिटी केवी रमण ने बताया कि रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन की ओर से दिए गए निर्देश पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के निरंतर प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस प्रकार के नियमित अभ्यास से पुलिस बल की कार्यकुशलता में वृद्धि होने के साथ-साथ जन-सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के प्रति पुलिस की तत्परता और प्रभावशीलता को और मजबूत किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे