रेलवे फाटक से छेड़छाड़ कर पुरी एक्सप्रेस को रुकवाने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

 


बोकारो, 04 जून (हि.स.)।

भौरा-जामाडोबा रेलखंड स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या एएम-26 पर रेलवे परिचालन में बाधा उत्पन्न करने के मामले में आरपीएफ पोस्ट भोजूडीह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंकज कुमार भुइयां उर्फ फटिंगा, पिंटू कुमार साव और राहुल कुमार रावानी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, स्टेशन प्रबंधक प्रतिनिधि (एसएमआर) भौरा और रेलवे ट्रैक पेट्रोलिंग स्टाफ ने आरपीएफ को सूचना दी कि एलसी गेट संख्या एएम-26 स्थित गेटमैन कक्ष का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया है और रिले एवं बैटरी कक्ष का ताला भी तोड़ दिया गया है। सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे के तकनीकी अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

ड्यूटी पर तैनात गेटमैन ने अधिकारियों को बताया कि ट्रेन संख्या 12816 आनंद विहार टर्मिनल–पुरी एक्सप्रेस के गुजरने से पहले जब वह फाटक बंद करने जा रहा था, तब उसने पाया कि उसके कक्ष का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया है। इसके कारण समय पर फाटक बंद नहीं हो सका। सुरक्षा कारणों से पुरी एक्सप्रेस को एलसी गेट के पास करीब छह मिनट तक रोकना पड़ा।

घटना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान तीनों आरोपितों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें रेलवे अधिनियम की धारा 179(2) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट भोजूडीह में रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को शुक्रवार को रेलवे न्यायिक मजिस्ट्रेट, धनबाद के न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार