झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर ने नए झारखंड भवन का किया निरीक्षण
रांची, 02 मई (हि.स.)। झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित नवनिर्मित न्यू झारखंड भवन का विस्तृत औचक निरीक्षण किया तथा समग्र व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भवन के रख-ऱखाव, हाउसकीपिंग, रसोई संचालन, कर्मचारियों की उपस्थिति विवरणी और उनकी कार्यप्रणाली का भौतिक सत्यापन किया।
उन्होंने अधिकारियों को न्यू झारखंड भवन को बेहतर प्रशासनिक समन्वय एवं जनसुविधाओं के मॉडल केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों का सुव्यवस्थित विवरण संधारित करने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मॉड्यूल एवं डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने पर जोर दिया। ऑनलाइन फीडबैक प्रणाली शुरू करने एवं मैनुअल रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने, शौचालय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं कूड़ा-कचरा प्रबंधन को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के सख्त निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं शिकायतों की जानकारी ली तथा उनके त्वरित, व्यवहारिक एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इसके अलावा न्यू झारखंड भवन परिसर में उद्योग विभाग एवं जेटीडीसी कार्यालय प्रारंभ करने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई, जिससे दिल्ली स्थित झारखंड भवन को राज्य के प्रशासनिक, औद्योगिक, पर्यटन एवं जनसंपर्क गतिविधियों के प्रभावी केंद्र के रूप में और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने रसोई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि भोजन की आपूर्ति समय पर एवं बिना किसी विलंब के सुनिश्चित की जाए, ताकि भवन में ठहरे अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे