गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा का संदेश

 






सांसद, विधायक और जिला प्रशासन ने गांधी घाट पहुंचकर महापुरुषों को किया नमन

नई पीढ़ी को महापुरुषों के त्याग और संघर्ष से परिचित कराना जरूरी : मनीष जायसवाल

रामगढ़, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर रामगढ़ के मुक्तिधाम संस्था के तत्वावधान में गांधी घाट स्थित बापू के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि एवं प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद मनीष जायसवाल, विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुनायत सहित जिला प्रशासन एवं शहर के गणमान्य लोगों ने महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

महात्मा गांधी की नई प्रतिमा का अनावरण

सांसद मनीष जायसवाल, विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुनायत, डीएफओ नीतीश कुमार, डीडीसी आशीष अग्रवाल, कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ विवेक सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, गोपनीय शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने गांधी चौक पर महात्मा गांधी की नई प्रतिमा का अनावरण किया गया।

भजनों से गूंजा गांधी घाट

कार्यक्रम के दौरान मुक्तिधाम संस्था के कोषाध्यक्ष एवं भजन गायक कमल बगड़िया ने महात्मा गांधी के जीवन और विचारों पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी। ‘जिंदगी एक किराए का घर है, एक न एक दिन बदलना पड़ेगा’ और ‘मौत जब तुझको आवाज देगी, घर से बाहर निकलना पड़ेगा’ जैसे गीतों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

महापुरुषों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी : मनीष जायसवाल

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि देश की आजादी और वर्तमान भारत के निर्माण में महापुरुषों के त्याग, संघर्ष और कृतित्व का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके जीवन और विचारों से नई पीढ़ी को परिचित कराना समाज की जिम्मेदारी है। महापुरुषों की जयंती पर लगातार कार्यक्रम होने चाहिए, ताकि युवा देश के इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष को समझ सकें। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देकर राष्ट्र को मजबूत करने की प्रेरणा दी। ऐसे महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अंतिम विदाई का स्थल भी स्वच्छ, सुंदर और गरिमापूर्ण होना चाहिए

सांसद ने गांधी घाट की स्वच्छता और व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह हम अपने बच्चों के जन्म के लिए स्वच्छ और सुंदर वातावरण की कल्पना करते हैं, उसी तरह अंतिम विदाई का स्थल भी स्वच्छ, सुंदर और गरिमापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने मुक्तिधाम संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए संस्था से जुड़े लोगों को बधाई दी।

सत्य-अहिंसा और एकता से ही विकास : ममता देवी

विधायक ममता देवी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। गांधी जी का सत्य और अहिंसा का संदेश तथा शास्त्री जी की सादगी और राष्ट्रसेवा की भावना हम सभी का मार्गदर्शन करती है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता मजबूत होगी, तभी विकास की गति तेज होगी। उन्होंने मुक्तिधाम संस्था की सामाजिक सेवा की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से जरूरतमंदों के सहयोग और समाजसेवा में सक्रिय है। ममता देवी ने स्वच्छ रामगढ़, सुंदर रामगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए जिला प्रशासन के साथ आमलोगों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि गांधी जी का स्वच्छता का संदेश तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी भागीदारी निभाए।

गांधी और शास्त्री के आदर्श आज भी प्रासंगिक : ऋतुराज

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत है। गांधी जी का सत्याग्रह और ग्राम स्वराज का विचार आज भी समाज को दिशा देता है। हम सभी को दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए।

संस्था सेवा भाव के साथ समाज के लिए सराहनीय कार्य कर रही

उन्होंने मुक्तिधाम संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था सेवा भाव के साथ समाज के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। जिला प्रशासन की ओर से संस्था को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाता रहेगा।

ये थे उपस्थित

कार्यक्रम में एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ प्रसाद, डीटीओ राजेश एक्का, भूमि सुधार उप समाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर, खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, एसडीपीओ आलोक रंजन, मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र पांडेय, ट्रैफिक थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, सार्जेंट मेजर मंटू यादव, चैंबर अध्यक्ष मनजीत सिंह साहनी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, संतु भाई मानिक, डॉ. एके बरेलिया, अशोक अग्रवाल, सरदार अनमोल सिंह, महेंद्र अग्रवाल, मंजी सिंह, इंद्रपाल सिंह सैनी, पप्पू जस्सल, राजेश अग्रवाल, सुरेश बगड़िया, अरुण बगड़िया, बरुण बगड़िया, सुनील अग्रवाल, विजय अग्रवाल सहित शहर के कई लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश